बसखारी। यात्रियों को लेकर मऊ जा रही परिवहन निगम की बस थाना क्षेत्र के लहतोरवा गांव के निकट गुरुवार तड़के ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान उससे भिड़ गई। इससे बस के परखचे उड़ गए। घटना से मौके पर चीख-पुकार व अफरातफरी मच गई
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में एक एएनएम समेत 10 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। नौ यात्रियों को संयुक्त चिकित्सालय अतरौलिया अतरौलिया जबकि एएनएम को सीएचसी बसखारी ले जाया गया। इलाज के दौरान एएनएम की मौत हो गई। उधर घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला।
गुरुवार सुबह लगभग पांच बजे बसखारी थाना अंतर्गत लहतोरवा गांव के निकट अयोध्या से मऊ जा रही गाजीपुर डिपो की बस की जोरदार टक्कर ट्रक से हो गई। भोर का समय होने के चलते ज्यादातर यात्री सो रहे थे। अचानक हुई घटना से चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के परखचे उड़ गए। चीख-पुकार व गुहार के बीच आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े।
इस बीच जानकारी होते ही लहतोरवा चौकी व बसखारी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एसओ बसखारी श्रीनिवास पांडेय के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में 10 यात्रियों को चोटें आईं।
नौ यात्रियों को संयुक्त चिकित्सालय अतरौलिया एंबुलेंस से भेज दिया गया जबकि गंभीर रूप से घायल एएनएम अन्नू राय (40) निवासी मऊ को तत्काल सीएचसी बसखारी ले जाया यगा जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि अन्नू बहराइच के प्रखरपुर में एएएनएम के पद पर तैनात थी। वह बुधवार रात बस से अयोध्या से घर जा रही थी कि रास्ते में दर्दनाक घटना हो गई। इस बीच जानकारी होते ही परिवारीजन भी सीएचसी बसखारी पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भाग निकला। इस बीच एसओ श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। क्षतिग्रस्त बस को किनारे कराकर आवागमन सुचारु करा दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। बताया कि घटना ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान हुई।