जानकारी के मुताबिक आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के लोहरा गांव से गुरुवार दोपहर कुछ ग्रामीण ऑटो से न्यौरी की तरफ आ रहे थे। सभी आलापुर थाना क्षेत्र के अमड़ी बाजार के निकट पहुंचे तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उसे टक्कर मार दिया।
इससे ऑटो सड़क के किनारे जाकर गड्ढे में पलट गया। घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। इस बीच स्कार्पियो चालक वाहन लेकर भाग निकला। ग्रामीणों ने आटो में सवार लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे।
इसी दौरान गंभीर रूप से घायल शोभावती (50) पत्नी सदरमुनि प्रजापति ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर घटना में घायल ऑटो चालक रामअवध, सदरमुनि प्रजापति, राकेश व एक अन्य को ग्रामीणों ने न्यौरी बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया।