अंबेडकरनगर। अकबरपुर के उर्मिला मैटरनिटी हॉस्पिटल में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए डीएम से जांच कराने की मांग की है। रामनगर जोगापुर गांव के रहने वाले पवन यादव ने बताया कि 22 फरवरी को उनकी मां मुराती देवी को अचानक पेट दर्द की शिकायत हुई थी, जिसके बाद वह अपने परिजनों के साथ अकबरपुर के उर्मिला मैटरनिटी हॉस्पिटल में ले गए। आरोप है कि इस दौरान कोई चिकित्सक नही था। अस्पताल में काम करने वाले वार्डब्वॉय ने भर्ती कर उपचार शुरु कर दिया। इसके बाद महिला की मौत हो गई। मंगलवार को परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए डीएम अनुपम शुक्ला से कार्रवाई की मांग की। सीएमओ डॉ. संजय कुमार शैवाल ने बताया कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।