थाना अंतर्गत जीवत गांव के निकट शुक्रवार शाम अनियंत्रित ट्रक ने एक महिला को रौंद दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। भाग रहे ट्रक को ग्रामीणों ने घेर लिया। ग्रामीणों को एकत्र होते देख चालक व क्लीनर ट्रक छोड़कर भाग गए। ग्रामीणों ने ट्रक में तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया।
जानकारी के अनुसार बसखारी थाना अंतर्गत हरैया गांव निवासिनी तारादेवी (38) पत्नी मयाराम शुक्रवार देर शाम जीवत गांव के निकट सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान उधर से गुजर रही तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
आसपास मौजूद ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। ग्रामीणों को अपनी तरफ आता देख चालक व क्लीनर ट्रक छोड़कर भाग गए। नाराज ग्रामीणों ने ट्रक में जमकर तोड़फोड़ की। कुछ ग्रामीणों ने ट्रक को आग के हवाले करने का प्रयास किया लेकिन इसी बीच पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
घटना से मौके पर काफी देर तक हंगामे का माहौल रहा। बाद में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जबकि ट्रक को थाने ले आई। एसओ मनोज पंत ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।