सद्दरपुर। जैतपुर में कच्चे मकान में सो रही महिला को सांप ने डस लिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
तिघरा निवासी रितिक के अनुसार सोमवार को भोर लगभग 4:30 बजे उनकी मां मीरा सोते समय अचानक चीख पड़ीं। जब तक वे कुछ समझ पाते, एक सांप कच्चे मकान की दीवार की ओर जाता नजर आया। सांप के दिखने के बाद परिवार वाले घबरा गए और तत्काल मीरा को नगपुर सीएचसी ले गए। वहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां सुबह लगभग आठ बजे इलाज के दौरान मीरा ने दम तोड़ दिया।
मृतक मीरा के पति दीपक रावत सूरत में नौकरी करते हैं। उनका बड़ा बेटा सूरज (25) और रिषू (20) भी वहीं अपने पिता के साथ रहते हैं। घर पर मीरा अपने छोटे बेटे रितिक और बेटी जया के साथ रहती थीं। मीरा की अचानक मौत की खबर मिलने के बाद, उनके पति और दोनों बड़े बेटे सूरत से घर के लिए रवाना हो चुके हैं। परिवार के सभी सदस्यों के पहुंचने के बाद मंगलवार को महिला का अंतिम संस्कार किया जाएगा। थानाध्यक्ष प्रेमचंद ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। (संवाद)