अंबेडकरनगर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से किए जा रहे तमाम प्रयास के बाद भी डेंगू मरीजों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। डेंगू के केस लगातार सामने आने से विभाग चिंतित है। सोमवार को महिला समेत तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। ऐसे में अब तक 64 मरीज डेंगू संक्रमित आ चुके हैं।
सोमवार को आई रिपोर्ट में जलालपुर के रसूलपुर बाकरगंज व कटेहरी के आशाजीतपुर क्षेत्र के एक-एक युवक व रामनगर के ईसौरी नसीरपुर की महिला डेंगू संक्रमित मिली। इन सभी को कई दिनों से बुखार आने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दपुर में जांच कराई गई थी। जिस क्षेत्र में मरीज डेंगू से संक्रमित मिले हैं, वहां पर विभाग की ओर से एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। प्रभारी जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. गौतम मिश्रा ने बताया कि तीनों संक्रमितों का उपचार घर पर ही चल रहा है। आसपास के लोगों की भी जांच कराई जा रही है।