अंबेडकरनगर। महरुआ के हीडी पकड़िया के निकट 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन पर रविवार सुबह किसी शरारती तत्व ने तार फेंक दिया। इससे कई स्थानों पर फ्यूज उड़ गए और बिजली के तार टूट गए, जिससे क्षेत्र के लगभग 15 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली विभाग की टीम ने घंटों की मशक्कत से फॉल्ट दुरुस्त कर दोपहर बाद आपूर्ति बहाल की।
रविवार की सुबह लगभग साढ़े सात बजे, महरूआ, वेस्ट, नसीरपुर और पतौना बिजली घरों से जुड़े लगभग 100 गांवों में अचानक बिजली गुल हो गई। शुरुआत में ग्रामीणों को लगा कि यह एक सामान्य खराबी है और जल्द ही आपूर्ति बहाल हो जाएगी। दो घंटे बीत जाने के बाद भी बिजली न आने पर स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को सूचित किया। फॉल्ट का पता लगाने के लिए बिजली कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान हीडीपकड़िया के पास 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन पर तार फेंके जाने का मामला सामने आया।
इस तार के गिरने से लाइन में तेज आवाज के साथ खराबी आई, जिसके परिणामस्वरूप कई फ्यूज जल गए और बिजली के तार टूट गए। इस घटना के कारण पतौना फीडर को ब्रेकडाउन करना पड़ा। इससे हीडीपकड़िया, सरगपुर, किशनीपुर, सारखने, आदमपुर, हुसैनपुर, जमालपुर, आनंद नगर, खजूरी, नेनुआ, रामचौरी, दांदूपुर, जयसिंहपुर, दुर्गापुर सहित कुल 15 गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई।
बिजली विभाग की टीमों ने युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे फॉल्ट को ठीक कर आपूर्ति बहाल कर दी गई। जेई कमलेश कुमार ने बताया कि फाॅल्ट को ठीक कराकर आपूर्ति बहाल करा दी गई है।