टांडा। सरयू नदी की दो धाराओं के बीच स्थित टांडा विकास खंड की ग्रामसभा मांझा उल्टहवा में रविवार को पहुंचे नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधू वर्मा का ग्रामीणों ने स्वागत किया। साधू वर्मा पहले ऐसे जिला पंचायत अध्यक्ष हैं जो नदी की धाराओं के बीच स्थित गांव में रह रहे ग्रामीणों से मिलने पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के बीच लंबा समय गुजारा और उनका सुख-दुख जाना। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी ओर से हरसंभव मदद की जाएगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद सरयू नदी पार कर साधू वर्मा रविवार को उल्टहवा मांझा गांव पहुंचे। वहां जगह-जगह ग्रामीणों ने माल्यार्पण और मिष्ठान वितरित कर साधू वर्मा का स्वागत किया। जिला पंचायत अध्यक्ष को अपने बीच पाकर उल्टहवा के वाशिंदों में खुशी का ठिकाना नहीं रहा। ग्रामीणों का कहना था कि वे कई दशक से यहां रह रहे हैं, लेकिन पहली बार कोई जिला पंचायत अध्यक्ष हम सबके बीच आया है।
ग्रामीणों के स्वागत से अभिभूत जिला पंचायत अध्यक्ष साधू वर्मा ने कहा कि यहां की जनता ने 4 बार से अपना प्यार और आशीर्वाद देकर मुझे जिला पंचायत सदस्य बनाया है। नागरिकों ने जो स्नेह दिया है, मैं उसका ऋणी रहूंगा। उन्होंने न सिर्फ गांव के बड़े बुजुर्गों से मुलाकात की, वरन बच्चों को पुचकारा और पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। इस दौरान साधू वर्मा ने कहा कि उनकी ओर से ग्रामीणों की हरसंभव मदद की जाएगी। इस मौके पर प्रधान एसपी यादव, पूर्व प्रधान राजेंद्र यादव, संजय यादव, संतराम घोषी, किताबुद्दीन, बाबूराम यादव, जालिम यादव, संतराम वर्मा, राधेश्याम निषाद आदि मौजूद रहे।