अंबेडकरनगर। गेहूं खरीद समाप्त होने में मात्र एक सप्ताह रह गया है। इसके बावजूद जिले में मौजूदा समय में गेहूं खरीद का कार्य अत्यंत धीमा पड़ गया है। बताया जाता है कि क्रय केंद्रों पर बोरों की कमी हो गई है। इसी के चलते खरीद का कार्य गति नहीं पकड़ पा रहा है। हालांकि विगत वर्ष की तुलना में इस वर्ष अब तक लगभग दोगुने गेहूं की खरीद हो चुकी है। उधर, किसानों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि क्रय केंद्र पर गेहूं लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली लाइन में खड़ी हैं, लेकिन बोरी की कमी के चलते उपज की खरीद नहीं हो रही है।
गेहूं बिक्री करने को लेकर किसानों की समस्याएं कम नहीं हो रही हैं। उपज लेकर संबंधित क्रय केंद्र पर पहुंच रहे हैं, लेकिन विभिन्न प्रकार की समस्या बताकर उनकी उपज की खरीद नहीं हो रही है। अब जबकि गेहूं खरीद का कार्य 15 जून तक ही होना है, तो ऐसे में उपज की बिक्री को लेकर किसानों में चिंता होने लगी है। जिले में बीती एक अप्रैल से जिले की 4 एजेंसी के 72 केंद्रों पर खरीद का कार्य प्रारंभ हुआ था। शुरुआती दौर से ही खरीद को लेकर क्रय केंद्रों पर लापरवाही बरती जाने लगी थी।
हालांकि जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन की सख्ती के बाद खरीदमें गति आ गई। खाद्य एवं विपणन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 7 जून तक जिले के 72 क्रय केंद्र पर 12396 किसानों के 49493.417 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। यह आंकड़ा विगत वर्ष की तुलना में लगभग दो गुना है। वर्ष 2020 में 24761.060 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई थी।
विभाग के अनुसार खाद्य विभाग के 15 केंद्र पर 4685 किसानों का 2829.150 एमटी, पीसीएफ के 55 केंद्र पर 7002 किसानों का 25731.167 एमटी, मंडी समिति के 1 केंद्र पर 380 किसानों का 1853.600 एमटी व भारतीय खाद्य निगम के 1 केंद्र पर 329 किसानों के 1079.500 एमटी गेहूं की खरीद हो चुकी है। अब जबकि खरीद 15 जून तक होनी है, तो ऐसे में मौजूदा समय में खरीद का कार्य अत्यंत धीमा पड़ गया है। बताया जाता है कि ज्यादातर केंद्रों पर बोरी पर कमी हो गई है। इसी के चलते ही खरीद नहीं हो पा रही है।
साधन सहकारी समिति बसखारी
मंगलवार को अमर उजाला टीम संबंधित गेहूं क्रय केंद्र पर पहुंची, तो यहां खरीद का कार्य चल रहा था। सचिव सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि अब तक 196 किसानों के 6387 क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है। 169 किसानों का भुगतान भी हो चुका है। बताया कि मंगलवार को 9 किसानों के गेहूं की खरीदारी की गई है। बताया कि केंद्र पर सुचारु रूप से खरीद का कार्य चल रहा है।
साधन सहकारी समिति बड़ेपुर
इस क्रय केंद्र पर खरीद का कार्य मंगलवार को जारी था। सचिव सतीराम यादव ने बताया कि 234 किसानों का 8400 क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है। बताया गेहूं की खरीद का कार्य सुचारु रूप से चल रहा है। किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
साधन सहकारी समिति लालापुर
अमर उजाला टीम साधन सहकारी समिति लालापुर पहुंची, तो यहां खरीद का कार्य नहीं हो रहा था। गेहूं लदी 17 ट्रॉलियां केंद्र पर खड़ी हुई थीं। सचिव रक्षाराम ने बताया कि अब तक 3695 क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है। बताया कि बोरी की कमी के चलते गेहूं खरीद में कुछ समस्या आ रही है। बताया कि लगभग ढाई हजार बोरियों की जरूरत है।
गेहूं खरीद में लाई जाए तेजी
लालापुर स्थित क्रय केंद्र पर मिले राधेश्याम व बलराम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि वे बीते एक सप्ताह से गेहूं की बिक्री के लिए केंद्र का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन बोरी न होने का हवाला देकर उपज की खरीद नहीं की जा रही है। कहा कि गेहूं लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली केंद्र के बाहर खड़ी हैं। यदि बारिश होती है, तो इससे उपज को नुकसान हो सकता है। बसखारी में मिले रामदयाल व बड़ेपुर में मिले रामसजीवन ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि अब जबकि एक सप्ताह का ही समय शेष रह गया है। ऐसे में यदि समय रहते खरीद नहीं हुई, तो उन्हें बड़ी समस्या हो सकती है। किसानों के हित को देखते हुए सुचारु रूप से खरीद का कार्य तेज किया जाए।
सुचारु रूप से चल रही खरीदारी
जिले के सभी क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद का कार्य सुचारु रूप से चल रहा है। यदि कहीं बोरों की कमी होती है, तो आवश्यकता के अनुसार बोरे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। किसानों को किसी भी प्रकार से चिंतित होने की जरूरत नहीं है।
- राजेश कुमार, खाद्य एवं विपणन अधिकारी