विभागों में धांधली खोजने का एसपी ने दिया था निर्देश
अश्विनी मिश्र अंबेडकरनगर। आईडीए एप के जरिए करोड़ों की ठगी के मामले ने जिला पुलिस की परेशानी बढ़ा दी है। तीन माह पहले पुलिस कप्तान ने खुफिया, स्वाट व अन्य पुलिस टीमों को ठंड में जले अलाव से लेकर रेलवे में हो रही लोडिंग अनलोडिंग तक में होने वाली धांधली पकड़ने का निर्देश दिया था। इसमें उलझी पुलिस का फायदा उठाकर ही शातिर ठग खुलेआम करोड़ों की ठगी का तानाबाना बुनकर आराम से सभी को चकमा देकर निकल भागे।
तीन माह पहले एसपी अजीत कुमार सिन्हा की तरफ से जांच के लिए जारी इस पत्र को लेकर पुलिस व प्रशासनिक अफसरों में काफी विरोधाभास भी दिखा था। इसमें उलझी पुलिस की अपने मूल काम के प्रति लापरवाही भी इस घटना से खुलकर सामने आ गई। दूसरे विभागों का भ्रष्टाचार पकड़ने की बात तो दूर पुलिसकर्मी जिले में खुलेआम चल रहे ठगी के इस संगठित गिरोह तक को नहीं देख पाई। तीन माह पहले जब एसपी ने अलाव जलाने की लकड़ी खरीद में हुई धांधली को पकड़ने पर जोर दिया था, तब भी जिले में आईडीए एप के जरिए लोगों को लूटने का खेल चल रहा था। हालांकि एसपी अजीत कुमार सिन्हा का अब यह कहना है कि प्रकरण सामने आते ही केस दर्ज कराया गया है। इससे जुड़े आरोपियों की धरपकड़ में किसी भी तरह की कोई शिथिलता नहीं बरती जाएगी।