अंबेडकरनगर। जिले की नगर पालिका, नगर पंचायत समेत 18 बाजारों में साप्ताहिक बंदी के दिन निर्धारित किए गए हैं। जिले में ट्रैक्टर एजेंसियां रविवार, ऑटोमोबाइल एजेंसिंया शनिवार और नगर पालिका क्षेत्र में बाल काटने की दुकानों की साप्ताहिक बंदी मंगलवार को रहेगी।
साप्ताहिक बंदी के संबंध में उत्तर प्रदेश दुकान एवं वाणिज्य अधिष्ठान अधिनियम के तहत डीएम ने आदेश जारी किया है। उसके मुताबिक अकबरपुर, बसखारी व कटेहरी बाजार मंगलवार को बंद रहेगी। जलालपुर, बंदीपुर व मित्तूपुर बाजार सोमवार, टांडा, जहांगीरगंज, महरुआ बाजार, हंसवर, किछौछा, भूलेपुर, देवरिया व रामनगर बाजार रविवार, राजेसुल्तानपुर, केदारनगर व रफीगंज बाजार शनिवार तथा इल्तिफातगंज बाजार की साप्ताहित बंदी शुक्रवार को होगी।
डीएम ने सभी बाजारों में साप्ताहिक बंदी को प्रभावी ढंग से लागू कराने का निर्देश दिया है। इस आदेश के बाद जहांगीरगंज बाजार में बंदी के दिन को लेकर जारी ऊहापोह का दौर समाप्त हो गया है। मालूम हो कि कुछ सप्ताह पहले नगर पंचायत प्रशासन ने जहांगीरगंज में साप्ताहिक बंदी का दिन शनिवार निर्धारित किया था। पूर्व में साप्ताहिक बंदी के लिए रविवार का दिन तय था। इसके चलते व्यापारियों में दुकानें बंद करने को लेकर भ्रम की स्थिति बन गई। डीएम के आदेश के बाद जहांगीरगंज में रविवार को दुकानें बंद रहेंगी।