अंबेडकरनगर। बिजली चोरी रोकने व बकाया वसूलने के लिए अकबरपुर उपकेंद्र क्षेत्र में रविवार को चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कुर्की फीडर क्षेत्र के गांवों में 23 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई। इसके साथ बिजली का बिल जमा नहीं करने वाले 14 लोगों के कनेक्शन काटे गए। उन्हें बिल चुकाने के बाद ही कनेक्शन जोड़ने की हिदायत दी गई।
पावर कॉर्पाेरेशन के अधीक्षण अभियंता अंबा प्रसाद वशिष्ठ की अगुवाई में टीम ने रविवार को भाउपुर गांव के 100 से अधिक घरों में जांच की। इस दौरान 23 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई। इनमें अधिकांश लोग मीटर को बाइपास कर बिजली की चोरी कर रहे थे। इन सभी लोगों के खिलाफ उपकेंद्र के अभियंता ने बिजली चोरी का केस दर्ज कराया है।
जांच के दौरान गांव में 14 उपभोक्ता बड़े बकायेदार मिले। उन पर 40 हजार रुपये से अधिक का बिल बकाया है। चेतावनी के बाद भी उन्होंने बिल का भुगतान नहीं किया। इस पर टीम ने 14 लोगों के कनेक्शन काट दिए। इस कार्रवाई के दौरान कई लोग अपने घरों में ताला बंदकर बाहर निकल गए। बिजली कटने के डरे से कई लोगों ने बिल का भुगतान भी किया। टीम ने बकाया बिल के 50 हजार रुपये वसूल किए।