जिला अस्पताल के साइकिल स्टैंड में भरा पानी
अंबेडकरनगर। जिले में लगातार तीसरे दिन बारिश का दौर जारी रहने से शहर से लेकर गांव तक जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सोमवार रात से मंगलवार को दिनभर रुक-रुककर हुई बारिश के चलते अकबरपुर, जलालपुर, टांडा, भीटी, सुलेमपुर और कटेहरी में जगह-जगह जलभराव हो गया। सड़कें और गलियां पानी में डूबने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ी।
अकबरपुर नगर पालिका क्षेत्र के गांधी नगर वार्ड, उसरहवा, शास्त्री नगर, अयोध्या मार्ग और टांडा मार्ग समेत कई इलाकों में सड़क किनारे और गलियों में पानी भरा रहा। बारिश के कारण बाजारों में भी लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। कटेहरी बाजार में दुकानों तक पानी पहुंच गया। जलालपुर में भी कई स्थानों पर पानी जमा रहने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मंगलवार को जिले में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय, कुमारगंज अयोध्या के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्र ने बताया कि अगले दो दिनों तक जिले में बारिश के आसार बने हुए हैं।
-
सफाई के दावों पर उठे सवाल
बारिश से पहले नगर निकायों की ओर से नालों की सफाई के दावे किए गए थे, लेकिन लगातार बारिश ने इन दावों की हकीकत सामने ला दी। निचले इलाकों में पानी जमा होने के साथ ही कई स्थानों पर गंदगी और कचरे से अटी नालियां जलनिकासी में बाधा बनी हुई हैं। इससे लोगों को घरों से निकलने और वाहनों के आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं राजमणि वर्मा, ईओ नगर पालिका परिषद अकबरपुर का कहना है कि जलनिकासी की व्यवस्था को सुधारने के लिए सभी कर्मचारियों को अलर्ट पर रखा गया है।
जिला अस्पताल के साइकिल स्टैंड में भरा पानी
जिला अस्पताल के साइकिल स्टैंड में भरा पानी
जिला अस्पताल के साइकिल स्टैंड में भरा पानी
जिला अस्पताल के साइकिल स्टैंड में भरा पानी