सुल्तानपुर। पंचायत चुनाव में 1160 मतदान केंद्रों व 3012 मतदेय स्थलों के यथावत रहने के आसार हैं। वोटरों की असुविधा को देखते हुए स्थलों व केंद्रों के बदलने के मांगे गए सुझाव में अभी तक किसी का प्रस्ताव नहीं आया है। फिलहाल, अब प्रस्ताव की अवधि समाप्त हो गई है।
राज्य निर्वाचन आयोग ने जर्जर भवनों, रास्ता विहीन जैसे मतदान केंद्रों व स्थलों को बदलने के लिए ग्रामीणों से प्रस्ताव मांगने के निर्देश दिए थे। इस पर निर्वाचन विभाग की ओर से सितंबर में प्रस्ताव मांगा गया था। ग्रामीणों से 29 सितंबर तक प्रस्ताव तहसीलों के जरिये भेजने को कहा गया था, लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी किसी ग्राम पंचायत से मतदान केंद्र व स्थल बदलने के लिए कोई प्रस्ताव अभी तक निर्वाचन कार्यालय को नहीं मिला। निर्धारित तिथि बीतने व बदलने का कोई प्रस्ताव नहीं मिलने पर जिले में 1160 मतदान केंद्र व 3012 मतदेय स्थल यथावत बने रहने के आसार बने हैं। अपर जिलाधिकारी प्रशासन गौरव शुक्ल ने बताया कि अभी तक बदलने का कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। आयोग के निर्देश के मुताबिक कार्य कराया जाएगा। चुनाव के दौरान प्रत्येक केंद्रों व स्थलों का निरीक्षण कराया जाएगा।