अंबेडकरनगर। नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत के विस्तारीकरण के बाद जो दो ग्राम पंचायतें आंशिक रूप से इनमें शामिल हुई थीं, उन ग्राम पंचायतों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को देखते हुए मतदाता पुनरीक्षण छह फरवरी से प्रारंभ हो गया। जिला मजिस्ट्रेट राकेश कुमार मिश्र के निर्देश पर 23 फरवरी तक मतदाता पुनरीक्षण का कार्य चलने के बाद 15 मार्च को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
बीते दिनों ही एक तरफ जहां जलालपुर नगर पालिका परिषद का विस्तारीकरण हुआ था, वहीं राजेसुल्तानपुर नगर पंचायत गठन हुआ था। जलालपुर नगर पालिका परिषद के विस्तारीकरण के दौरान चिलवनियां ग्राम पंचायत आंशिक रूप से विस्तारीकरण में शामिल हुई थी। इसी के साथ जहांगीरगंज विकास खंड अंतर्गत जनेश्वरी बुजुर्ग के राजस्व गांव तिहादपुर आंशिक रूप से नवगठित नगर पंचायत राजेसुल्तानपुर में शामिल हुआ था। ऐसे में चिलवनिया के साथ ही तिहादपुर के शेष क्षेत्र में आने वाले मतदाताओं को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदान का मौका देने के लिए शनिवार को जिला मजिस्ट्रेट राकेश कुमार मिश्र के निर्देश पर मतदाता पुनरीक्षण का कार्य प्रारंभ हो गया।
मतदाता पुनरीक्षण का कार्य 23 फरवरी तक चलेगा। एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने बताया कि 24 से 26 फरवरी को ड्रॉफ्ट के रूप में प्रकाशित निर्वाचक नियमावली का निरीक्षण किया जाएगा। 24 फरवरी से दो मार्च तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। 3 मार्च से 8 मार्च तक दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण होगा। 15 मार्च को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।