अंबेडकरनगर। सामूहिक दुष्कर्म मामले में पीड़िता ने शुक्रवार को एसपी वीरेन्द्र कुमार मिश्र से मिलकर न्याय की गुहार की। पीड़िता ने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन मामले में उसकी मदद नहीं करेगा तो उसके साथ कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है।
एसपी से मिलने पहुंची पीड़िता ने बताया कि उसका उसके पति से दहेज उत्पीड़न व घरेलू हिंसा को लेकर कोर्ट में वाद दायर है। वह कोर्ट में सुनवाई के लिए नौ जुलाई को पेशी पर आ रही थी। रास्ते में बसखारी के पास उसके पति ने जबरन उसे एक चार पहिया वाहन में बिठा लिया। उसे में दो अज्ञात लोग पहले से सवार थे। इसके बाद गाड़ी अकबरपुर आने के बजाए दूसरे मार्ग पर जाने लगी तो उसने इसका विरोध किया।
इस पर पति समेत साथ मौजूद अन्य लोगों ने उसे धमकी दी, और उसे कोई नशीला पदार्थ सूंघा दिया। इससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद उससे सामूहिक दुष्कर्म किया गया। जब उसे होश आया तो वह अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के जौहरडीह मार्ग पर पड़ी थी। इसके बाद उसने अपने परिवारीजनों को सूचना दी।
बाद में वह अकबरपुर कोतवाली पहुंचकर घटना की लिखित तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। एसपी ने पीड़िता को भरोसा दिलाया कि मामले में जांच कराकर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करायी जाएगी।