टांडा। जिले के एक मात्र निजी ऑक्सीजन प्लांट विश्वकर्मा ऑक्सीजन डिस्ट्रीब्यूटर कश्मीरिया टांडा ने मानवीय आधार पर रविवार को कोविड मरीजों का ऑक्सीजन सिलेंडर फ्री में रिफिल किया। आधारकार्ड व कोविड की रिपोर्ट दिखाने पर ऑक्सीजन सिलेंडर फ्री में रिफिल किया गया। लगभग 125 मरीजों के परिवारीजनों ने ऑक्सीजन सिलेंडर रिफिल कराया। इसका भुगतान विश्वकर्मा फाउंड्री वर्क्स करेगी।
विश्वकर्मा फाउंड्री वर्क्स के मालिक रामप्यारे विश्वकर्मा ने बताया कि ऑक्सीजन डिस्ट्रीब्यूटर का लाइसेंस उनके पुत्र अनुराग विश्वकर्मा के नाम से है। ऑक्सीजन की किल्लत को देखते हुए हमने प्रशासन से वार्ता कर कोविड संक्रमित मरीज की रिपोर्ट व चिकित्सक का पर्चा व आधारकार्ड दिखाने पर एक सिलेंडर सीधे मरीज के लिए उनके परिवारीजन को दिए जाने का निर्णय लिया है। रविवार को मरीजों के लिए फ्री सिलेंडर रिफिल किया गया।
उन्होंने बताया कि सोमवार से भी कोविड पॉजिटिव मरीज को रिपोर्ट दिखाने पर सरकारी रेट पर एक सिलेंडर दिया जाएगा। बताया कि वर्तमान समय मेे हमारी कंपनी का टैंकर जो 20 टन क्षमता का है, उसे सरकार ने अधिग्रहण कर लिया है। वर्तमान समय में दूसरे टैंकर के माध्यम से सरकार के आदेश पर ऑक्सीजन आ रही है। प्लांट पर एक संग्रह अमीन व एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ड़यूटी पर मौजूद हैं। इस बीच विश्वकर्मा फाउंड्री वर्क्स टीम की इस पहल से रविवार को मरीजों को काफी राहत मिली।