ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे से नाराज ग्रामीणों का आक्रोश रविवार को भड़क गया। बड़ी तादाद में एकजुट हुए केशवपुर कटुइया के लोगों ने ग्राम प्रधान के नेतृत्व में बरियावन-पट्टी मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि कब्जा हटाने की मांग लंबे समय से की जा रही है लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
नतीजतन न सिर्फ अवैध ढंग से कब्जा कर लिया गया है, बल्कि उस पर निर्माण भी कराया जा रहा है। जाम की सूचना मिलते ही एसओ सम्मनपुर दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। समझाने-बुझाने व पैमाइश कराने के आश्वासन के बाद लगभग दो घंटे चला जाम समाप्त हो सका।
इस दौरान जाम के चलते लोगों को आवागमन में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। रविवार पूर्वाह्न बरियावन-पट्टी मार्ग पर गांव के निकट ग्राम प्रधान मुन्नर राम के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बांस-बल्ली व मेज लगाकर मार्ग जाम कर दिया। वे गांव में सार्वजनिक भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे को लेकर प्रशासन के रवैये से खासे नाराज थे।
उनका कहना था कि भूमि विवाद के मामलों में प्रशासन तत्परतापूर्वक कार्रवाई नहीं कर रहा है। ग्राम प्रधान श्री राम ने कहा कि ग्रामसमाज की भूमि पर गांव के ही कुछ लोगों ने अवैध ढंग से कब्जा जमा रखा है। बीते दिनों उस पर अवैध निर्माण भी शुरू कर दिया गया।
नाराजगी जताते हुए कहा कि कब्जे की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की गई लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा सका। अधिकारियों की लापरवाही के चलते ही कब्जाधारियों के हौसले बुलंद हैं और वे लगातार निर्माण कार्य में लगे हुए हैं।
वक्ताओं ने कहा कि ग्राम समाज की बेशकीमती भूमि पर कब्जा करने से राजस्व को तगड़ी चपत लग रही है। जाम की सूचना मिलते ही एसओ सम्मनपुर त्रिभुवन वर्मा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।
ग्रामीण एसडीएम के आने एवं पैमाइश कराने की मांग पर अड़े हुए थे। इस पर एसओ ने एसडीएम से फोन पर बात की। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को शीघ्र ही पैमाइश कराने का आश्वासन दिया। यह भी कहा कि यदि अवैध कब्जे का मामला सामने आया तो वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद लगभग दो घंटे तक चला जाम समाप्त हो सका। जाम के चलते दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई थी। भीषण गर्मी में लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।