अंबेडकरनगर के जलालपुर तहसील में प्रदर्शन करते कब्जे से नाराज ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र मालीपुर अंतर्गत इटौरी गांव के लोगों ने सोमवार को प्रधान के नेतृत्व में तहसील मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। कहा गया कि ग्राम समाज के घूर-गड्ढे पर लंबे समय से कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। शिकायत के बावजूद संबंधित अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। बाद में मांगों संबंधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया।
प्रदर्शन के अगुवा ग्राम प्रधान राजू उर्फ जनार्दन ने कहा कि ग्राम समाज की भूमि पर कुछ स्थानीय लोगों ने लंबे समय से अतिक्रमण कर लिया है। जब विरोध किया जाता है तो कब्जा करने वाले न सिर्फ उनके साथ अभद्रता करते हैं बल्कि जान से मारने की धमकी भी देते हैं।
इसकी शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की गई लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा सका । प्रदर्शन करने वाले वक्ताओं ने पुलिस प्रशासन पर ऐसे लोगों के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया। कहा गया कि इसकी शिकायत पुलिस से भी की गई लेकिन कार्रवाई के बजाए उल्टे उन्हें ही डांटकर भगा दिया गया।
चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही संबंधित लोगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो कलेक्ट्रेट के निकट धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान अशरफी देवी, गीता, अनारा, इंद्रावती, किसमत्ती, रामदौर, मेवालाल, शेषनाथ, सलाहुद्दीन मनीराम आदि मौजूद रहे।