राशन वितरण में मनमानी को लेकर विजयगांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को कलक्ट्रेट के पास प्रदर्शन किया। कहा गया कि न सिर्फ घटतौली की जाती है, बल्कि समुचित मात्रा में अनाज भी पात्रों को नहीं उपलब्ध कराया जाता। इसकी शिकायत कई बार अफसरों से की गई लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा सका है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे गांव निवासी रामजनम व रामनिहोर ने कहा कि कोटेदार की मनमानी से सार्वजनिक वितरण प्रणाली का समुचित लाभ पात्रों को नहीं मिल पा रहा है। आरोप लगाते हुए कहा कि कोटेदार पात्रों पूरा अनाज नहीं देता। अनाज देने में घटतौली की जाती है। विरोध पर कोटेदार अभद्रता करता है।
नतीजा यह है कि कई पात्रों को जहां अनाज नहीं मिल पाता, वहीं जिन्हें मिलता भी है, उन्हें समुचित अनाज नहीं दिया जाता। इसकी कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक न कोई कार्रवाई नहीं हुई। चेतावनी देते हुए वक्ताओं ने कहा कि जल्द जरूरी कदम नहीं उठाए तो कलक्ट्रेट के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।