जलालपुर के दाउदपुर में निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक।
हजपुरा (अंबेडकरनगर)। ग्राम सभा दाउदपुर के ग्रामीणों को पाइपलाइन से पानी मिलने का अभी और इंतजार करना होगा। कार्यदायी संस्था की धीमी गति से अभी सिर्फ ओवरहेड टैंक का निर्माण पूरा होने को है। पाइपलाइन बिछाने के लिए न तो गड्ढा खोदा गया और न ही कनेक्शन आदि देने की कोई प्रक्रिया अपनाई गई।
ग्राम सभा दाउदपुर में कुल आबादी लगभग 2200 है। ग्रामीणों को शुद्ध पानी उपलब्ध कराने के लिए यहां ओवरहेड टैंक निर्माण के साथ पाइपलाइन बिछाने का निर्णय हुआ। करीब 231.29 लख रुपये की लागत से होने वाले कार्य की जिम्मेदारी विंध्या टेली लिंक्स लिमिटेड को सौंपी गई। संस्था द्वारा दो साल पहले पानी की टंकी का निर्माण शुरू कराया गया। ग्रामीणों को उम्मीद जगी कि जल्द ही उन्हें भी शहरों की तरह पाइपलाइन से पानी मिलने लगेगा। हालांकि समय के साथ उनकी उम्मीदें भी धूमिल हो गईं। सुस्त गति से काम होने के चलते अभी तक न तो ओवरहेड टैंक का निर्माण नहीं पूरा हो पाया है और न ही पाइपलाइन बिछाने का काम ही किया गया।
ऐसे में ग्रामीणों को अभी और इंतजार करना होगा। ग्रामीण संग्राम सोनी, सुजीत कुमार, राधेश्याम, हरिवंश, पप्पू, वीरेंद्र, जगदीश व ग्राम प्रधान राकेश आदि ने बताया कि कार्य की धीमी प्रगति के चलते समय पर कार्य पूरा नहीं हो सका है। यदि काम में तेजी दिखाई गई होती तो अब तक पानी आपूर्ति शुरू हो गई होती। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। जेई अमित यादव ने बताया कि जल्द ही टंकी का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। अन्य काम भी तेजी से कराए जा रहे हैं।