अंबेडकरनगर। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी स्वामित्व योजना के तहत शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में घरौनी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी के साथ सभी तहसील, ब्लॉक परिसर के अलावा करीब 629 ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों को घरौनी वितरित की गई एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाभार्थियों से संवाद कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया।
कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय की मौजूदगी में सबसे पहले एडीएम डॉ. सदानंद गुप्ता ने रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने घरौनी बनाने में इस्तेमाल की गई ड्रोन तकनीक के बारे में बताया। कहा कि जिले में कुल 1807 गांव हैं, जिनमें 192 गैर आबाद हैं। 1619 गांवों में घरौनी के लिए ड्रोन सर्वे कराया गया। एमएलसी ने कहा कि घरौनी बनने से स्वामित्व संबंधी विवादों का निराकरण हो सकेगा।
गांव के लोगों को आर्थिक उन्नति की राह मिलेगी। इन प्रपत्रों के सहारे ग्रामीण क्षेत्र की जनता विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेगी। विधायक धर्मराज निषाद ने कहा कि यह योजना ज्वलंत समस्याओं का निदान है। डीएम अविनाश सिंह ने 1371 ग्रामों में 1,34,649 घरौनी वितरित की गई हैं। शीघ्र ही तकनीकी कमियों को दूर कर सभी को इससे आच्छादित किया जाएगा। इस मौके पर मेरी पंचायत मोबाइल एप की लांचिंग की गई, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विभागों के कार्यक्रमोंं की जानकारी उपलब्ध हो सकेगी। जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधु वर्मा, सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला, एसडीएम अरविंद त्रिपाठी, डीपीआरओ अवनीश श्रीवास्तव, उपनिदेशक कृषि डॉ. अश्विनी कुमार सिंह, डीआईओएस गिरीश कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. राजकुमार आदि उपस्थित रहे।
यहां भी हुए कार्यक्रम
ब्लॉक जहांगीरगंज के डवाकरा में भाजपा नेता यमुना प्रसाद चतुर्वेदी ने 15 लोगों घरौनी दी। साथ ही स्वच्छता और नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। बीडीओ सतीश सिंह मौजूद रहे। नरसिंह दासपुर में पंचायत भवन पर 30 लोगों को घरौनी दी गई। आलापुर तहसील के वसुधा सिंह सभागार में पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, अनीता कमल की मौजूदगी में कार्यक्रम हुए। एसडीएम सुभाष सिंह, तहसीलदार धर्मेंद्र यादव, नायब तहसीलदार राज कपूर समेत तमाम लोग मौजूद रहे।