आबादी के निकट नई शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में चिंतौरा के ग्रामीणों ने रविवार को एसडीएम आवास के सामने प्रदर्शन किया। कहा गया कि आबादी के निकट शराब की दुकान खुलने का प्रतिकूल प्रभाव गांव के लोगों पर पड़ेगा। ऐसे में शराब की दुकान खोले जाने पर रोक लगाई जाए।
चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही ठोस कदम नहीं उठाया गया तो बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा। रविवार दोपहर चिंतौरा गांव के लोग एसडीएम आवास के सामने पहुंचे। वहां प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को संबोधित करते हुए राकेश वर्मा व रामतीरथ ने कहा कि चिंतौरा चौराहे पर पहले शराब की दुकान थी।
अब इसे वहां से हटाकर आबादी से सटकर खोला जा रहा है। जिस स्थान पर दुकान खोली जा रही है, उससे 100 मीटर के दायरे में डॉ. अंबेडकर छात्रावास भी है। ऐसे में यदि यहां दुकान खुलती है, तो यहां सदैव अराजकता का माहौल रहेगा।
शराबियों के हंगामे के चलते इसका असर न सिर्फ ग्रामीणों पर पड़ेगा, बल्कि हॉस्टल में रहने वाले छात्रों पर भी पड़ेगा। वक्ताओं ने कहा कि नई दुकान खुलने पर तत्काल रोक लगाई जाए।
चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही इस तरफ ध्यान नहीं दिया गया और दुकान खुलने से नहीं रोका गया तो बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा। बाद में शिकायत संबंधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। इस दौरान सुरेंद्र वर्मा, नीलम, पूनम, सोनू, अंकित गुप्ता, उर्मिला वर्मा, सुमन व नीबूलाल आदि मौजूद रहे।