अंबेडकरनगर। मालीपुर के सुरहुरपुर मोड़ के निकट शनिवार सुबह बाइक सवार ग्रामीण को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
पड़ोसी जनपद जौनपुर के शाहगंज के भादी गांव निवासी शहंशाह (55) बाइक से अकबरपुर जा रहे थे। बताया जाता है कि जब वह सुरहुरपुर मोड़ के निकट पहुंचे तो पीछे से ट्रैक्टर ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। उन्होंने हेलमेट नहीं लगा रखा था। इससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोग जब तक मौके पर पहुंचते चालक वाहन छोड़कर भाग खड़ा हुआ। स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।