जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। नगर पंचायत जहांगीरगंज में जल्द ही ग्राम न्यायालय का शुभारंभ होगा। दीवानी वाद के साथ ही अन्य छोटे प्रकृति के वादों के लिए पीड़ितों को जिला न्यायालय की दौड़ लगाने से निजात मिल जाएगी। इसका लाभ आने वाले समय में चार लाख से अधिक की आबादी उठा सकेगी।
जिला मुख्यालय से दूर स्थित क्षेत्र के लोगों को दीवानी व छोटे-छोटे वाद के लिए लंबी दौड़ लगाने से निजात दिलाने के लिए शासन ने पहल शुरू की है। इसी के तहत जहांगीरगंज नगर पंचायत के नरियांव में बने पंचायत भवन को अब ग्राम न्यायालय के रूप में तैयार किया जा रहा है। भवन का रंगरोगन कर दिया गया है। फिलहाल अभी ग्राम न्यायालय के शुरू करने की तिथि घोषित नहीं हुई है। ग्राम न्यायालय शुरू होने पर दीवानी के साथ ही मोटर अधिनियम के अलावा साधारण आपराधिक वादों का निस्तारण होगा।
ग्राम न्यायालय खुलने को लेकर स्थानीय लोगों ने खुशी का इजहार किया है। वरिष्ठ अधिवक्ता दिवाकर ओझा, अरविंद उपाध्याय, विनोद पांडेय, डाॅ. रमजान व चेन्नई निषाद ने कहा कि यहां न्यायालय खुल जाने पर क्षेत्र के लोगों को 60 किलोमीटर दूरी तय करने के लिए विवश नहीं होना पड़ेगा। इससे उनका समय और खर्च दोनों बचेगा। शासन को अविलंब इसका शुभारंभ करना चाहिए।
भवन का काम पूरा
भवन का काम पूरा हो चुका है। रंग रोगन के साथ ही इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। आगे जो निर्णय लिया जाएगा उसी के आधार पर प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। - सौरभ शुक्ल, एसडीएम