पुलिस लाइन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आयोजित बैठक में डीआईजी वीके गर्ग ने कहा कि जिला मुख्यालय सहित अन्य क्षेत्रों में स्थित शिवालयों के समक्ष विशेष सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए जाएं।
इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाए। साथ ही सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और इसकी लगातार मानीटरिंग की जाए।
कांवरिया यात्रा की बाकायदा वीडियोग्राफी की जाए। यदि कोई अराजकता फैलाने का प्रयास करे, तो उस पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कांवरिया यात्रा के दौरान डीजे पर लगे प्रतिबंध का कड़ाई से पालन करने को कहा। बोले, इसमें किसी प्रकार की ढील न दी जाए।
डीआईजी ने कहा कि पर्व को सकुशल निपटाने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान डीएम विवेक, एसपी पंकज व एएसपी पंकज पांडेय आदि मौजूद रहे।