अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में तैनात एक स्टाफ नर्स के साथ छेड़छाड़ करना युवक को भारी पड़ गया। शनिवार को स्टाफ नर्स के परिवारीजनों ने जिला अस्पताल पहुंचकर युवक की जमकर पिटाई कर दी। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया जो पूरे दिन चर्चा का विषय रहा। बताया जाता है कि तीन दिन पूर्व जिला अस्पताल की एक स्टाफ नर्स के साथ एक युवक ने छेड़छाड़ की थी।
युवती ने इसकी जानकारी परिवारीजनों को दी। बताया जाता है कि युवती के परिवार के पुरुष शनिवार को जिला अस्पताल पहुंचे। इसी बीच संबंधित युवक भी वहां पहुंच गया। जैसे ही युवक अस्पताल परिसर पहुंचा युवती के घरवालों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। आसपास मौजूद लोगों ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इस बीच मारपीट की घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। उधर, कोतवाली प्रभारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है।