टांडा (अंबेडकरनगर)। हंसवर थाने में तैनात सिपाही शशिकांत यादव पर छेड़खानी के एक मामले को रफादफा करने के नाम पर 40 हजार रुपये की वसूली लेने का आरोप लगा है। पैसे गिनते सिपाही का वीडियो शनिवार देर शाम किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। एसपी डॉ.कौस्तुभ ने सिपाही को निलंबित कर दिया।
वायरल वीडियो में महिला कुसुमलता आरोप लगा रही हैं कि पुलिस ने दो दिन पूर्व उसके बेटे आकाश को एक छेड़खानी की एक तहरीर के आधार पर एक सप्ताह पहले पकड़ लिया। दो बार में 40 हजार रुपये लेकर दूसरे पक्ष से मामले में लिखित समझौता भी कराया। अब किसी ने सिपाही का पैसे गिनने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
महिला का आरोप है कि इसके बाद रविवार को उसके बेटे के खिलाफ एक किशोरी से छेड़छाड़ के आरोप में पॉक्सो एक्ट का केस दर्ज कर फिर से पकड़ लिया और जेल भेज दिया। इस बीच पूरा मामला सामने आने के बाद एसपी ने सिपाही को निलंबित करते हुए सीओ को जांच दे दी है।
हालांकि पूरे प्रकरण में थाना प्रभारी की भूमिका पर भी सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि छेड़छाड़ के मामले में कार्रवाई की बजाए समझौता हो जाना और सिपाही के पैसे लेने की घटना से अनजान रहना बड़ी मनमानी और लापरवाही है। एसपी डॉ कौस्तुभ ने कहा कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराई जा रही है।