अंबेडकरनगर। प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। अपराधी खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। आम आदमी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। पीड़ितों व दबे कुचलों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। न्याय के लिए उन्हें इधर-उधर भटकने को मजबूर होना पड़ रहा है। यह बातें मंगलवार को आजाद समाज पार्टी के संभाग प्रभारी अब्बास गाजी ने किछौछा में स्वागत समारोह के दौरान कहीं।
भीम आर्मी के संस्थापक सदस्यों में से एक अब्बास गाजी को बीते दिनों ही आजाद समाज पार्टी का संभागीय प्रभारी बनाया गया था। किछौछा में आयोजित स्वागत समारोह में दावा करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में आजाद समाज पार्टी एक प्रमुख पार्टी बनने जा रही है। प्रदेश में जो भी सरकार बनेगी, उसमें आजाद समाज पार्टी का महत्वपूर्ण योगदान रहेगा।
प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि जो जोश अभी दिखा रहे हैं, उसे आगे भी इसी प्रकार से कायम रखना होगा। अब्बास ने विश्व प्रसिद्ध किछौछा दरगाह पर माथा टेका और चादर चढ़ाकर मन्नत मांगी। इससे पहले उन्होंने बाबा भीमराव आंबेडकर, डॉ. राममनोहर लोहिया व सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।