अंबेडकरनगर। अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा के चलते शनिवार को बसों समेत बड़े वाहनों का अयोध्या की तरफ जाने से रोका गया। इन वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेस वे होकर लखनऊ, कानपुर व दिल्ली के लिए गुजारा गया। इसके साथ ही मेले में आवागमन की सुविधा को बेहतर बनाने के लिए अकबरपुर डिपो से 20 बसों को भी अयोध्या भेजा गया है।
अयोध्या में शनिवार से शुरू हुई 14 कोसी परिक्रमा का सीधा असर जिले में दिखा। परेशानी से बचाने के लिए बड़े वाहनों को अयोध्या की तरफ जाने से रोका गया। यातायात प्रभारी जयबहादुर यादव ने बताया कि परिक्रमा को देखते हुए सभी बड़े वाहनों को अयोध्या मार्ग पर जाने से रोक दिया गया। इसके लिए यादवनगर, पहितीपुर व सेवागंज में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई। रविवार को शाम छह बजे के बाद इन वाहनों को अयोध्या की तरफ जाने को छूट रहेगी।
इसके चलते निगम बसों के अलावा निजी बस तथा ट्रक व अन्य भारी वाहन शनिवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से होकर लखनऊ, कानपुर व दिल्ली के लिए बढ़े। इसी बीच परिक्रमा को लेकर निगम ने 20 बसें भी अयोध्या डिपो से संचालन के लिए भेजी हैं। ये बसें परिक्रमा के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को गंतव्य तक पहुंचाने का काम करेंगी।
एआरएम हरिओम श्रीवास्तव ने बताया कि पांच कोसी परिक्रमा पूरी होने के बाद ये बसें वापस डिपो में लौट आएंगी। बताया कि लखनऊ, कानपुर व दिल्ली जाने वाली बसों को फिलहाल डायवर्जन के चलते पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से भेजा जा रहा है।
बड़े वाहनों के लिए लागू रहेगा डायवर्जन
यातायात प्रभारी जयबहादुर यादव ने बताया कि 14 कोसी परिक्रमा को देखते हुए सभी बड़े वाहनों को अयोध्या मार्ग पर जाने से रोक दिया गया है। इसके लिए यादवनगर, पहितिपुर व सेवागंज में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है । यह प्रतिबंध रविवार शाम छह बजे तक प्रभावी रहेगा। डायवर्जन की यह व्यवस्था 14 नवंबर को शाम छह बजे से 15 की रात्रि 11 बजे तक फिर से लागू होगी।