अंबेडकरनगर। वाहन स्वामियों को पंजीयन प्रपत्र (आरसी) के लिए कागज नहीं दिखाना होगा। इसकी जगह अब ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) की तरह स्मार्ट आरसी कार्ड मिलेगा। विभाग के अनुसार, इस व्यवस्था से फर्जीवाड़ा पर रोक लग सकेगी। कार्ड के लिए 200 रुपये शुल्क देना होगा। इसके लिए विभाग से अनुमति मांगी गई है।
जिले में पांच लाख से अधिक वाहन पंजीकृत हैं। फिलहाल विभाग की ओर से वाहन पंजीयन कराने पर स्वामी को निर्धारित प्रारूप 23 का प्रपत्र जारी किया जाता रहा है। स्मार्ट कार्ड में तब्दील होने से पंजीयन प्रपत्र के फटने व गलने की समस्या नहीं रहेगी।
अब तक वाहन खरीदने पर आरसी कागज का किया जाता है। इसमें लगी माइक्रो चिप से डुप्लीकेसी रोकने में भी मदद मिलेगी। पुलिस व परिवहन विभाग को इस कार्ड के जरिये जांच करने में सहूलियत होगी। एआरटीओ सतेंद्र कुमार यादव ने बताया कि शासन में स्वीकृति मिलने के बाद कार्ड जारी होगा।