अंबेडकरनगर। सब्जियों को कृत्रिम रंग से आकर्षक बनाकर बेचने के गोरखधंधे पर अंकुश लगाने के लिए सोमवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने नवीन मंडी में सघन जांच अभियान चलाया। छापा मारकर नौ दुकानों से करेला, भिंडी, परवर व शिमला मिर्च के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिया। इसके साथ ही टीम के सदस्यों ने दुकानदारों से अपील की कि ऐसी सब्जियां न बेचें जिन्हें कृत्रिम रंग से रंगा गया हो। इसके साथ ही नागरिकों को भी ऐसी सब्जियों के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी। कहा कि कृत्रिम रंग स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक होता है।
गौरतलब है कि बीते दिनों सब्जियों को कृत्रिम रंग से आकर्षक बनाकर बेचने का मामला सामने आया था। इसे गंभीरता से लेते हुए शासन ने जिला प्रशासन को पत्र भेजकर ऐसी सब्जियों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए वृहद अभियान चलाने का निर्देश दिया।
साथ ही इसके प्रति लोगों को जागरूक किए जाने का भी निर्देश दिया। शासन के तमाम दिशा-निर्देशों के बाद शनिवार से जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सघन जांच अभियान शुरू किया। कृत्रिम रंग से रंगी सब्जियों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजने के साथ ही दुकानदारों से ऐसी सब्जियों को न बेचने का निर्देश दिया।
सोमवार को भी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने अभिहीत अधिकारी राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में नवीन मंडी परिसर में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान कृत्रिम रंग से रंगकर बिक्री किए जाने के संदेह में नौ दुकानों से करेला, भिंडी, परवर, शिमला मिर्च का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया।
साथ ही दुकानदारों को निर्देशित किया कि वे ऐसी सब्जियों की बिक्री कतई न करें, जो कृत्रिम रंग से रंगी गई हैं। इसके साथ ही नागरिकों को जागरूक करते हुए कहा कि ऐसी सब्जियों के सेवन से स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। सब्जी खरीदने से पहले यह जरूर देख लें कि वह कृत्रिम रंग से तो नहीं रंगी गई है।