जलालपुर (अंबेडकरनगर)। मालीपुर के मोतीलाल इंटर कॉलेज खेल मैदान में चल रहे सात दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले में वाराणसी की टीम ने आजमगढ़ को छह रन से तो दूसरे में गाजीपुर की टीम ने अयोध्या को 18 रनों के अंतर से पराजित कर दिया। टूर्नामेंट देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ जुटी।
मालीपुर में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को पहला मैच वाराणसी व आजमगढ़ के बीच खेला गया। वाराणसी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवरों में पांच विकेट खोकर 164 रन का लक्ष्य खड़ा किया। बल्लेबाज करन ने पांच चौके व चार छक्के की मदद से 52 व बल्लेबाज रौनक ने दो चौके व पांच छक्के की मदद से टीम के लिए कुल 50 रन का योगदान दिया।
इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी आजमगढ़ की टीम नौ विकेट खोकर 158 रन ही बना सकी। इसके चलते उसे छह रनों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा।
दूसरा मैच अयोध्या व गाजीपुर के बीच खेला गया। अयोध्या की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। गाजीपुर की टीम ने बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवरों में छह विकेट खोकर 113 रन बनाए। लक्ष्य हासिल करने उतरी अयोध्या की टीम 95 रन पर ही सिमट गई। इसके चलते अयोध्या को 18 रनों से हार का सामना करना पड़ा।