अंबेडकरनगर। तहसील क्षेत्र अकबरपुर के लालापुर स्थित केशकुमार पब्लिक स्कूल में आयोजित जनपद स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में मंगलवार को दूसरे दिन आरएनआर इंटर कॉलेज अकबरपुर, वंशराज गर्ल्स कॉलेज अकबरपुर ने अपने-अपने वर्ग में जीत दर्ज की। बुधवार को फाइनल मुकाबले के बाद विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
लालापुर स्थित केशकुमार पब्लिक स्कूल में सोमवार को तीन दिवसीय जनपद स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ था। दूसरे दिन प्रबंधक रामदीन ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता की शुरुआत की।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिता में भागीदारी करने से मानसिक व शारीरिक विकास होता है। एकाग्रता में भी वृद्धि होती है। ऐसे में हार-जीत की परवाह किए बगैर सभी को इस प्रकार की प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए।
पहला मुकाबला आरएनआर इंटर कॉलेज व रजत पब्लिक स्कूल के बीच हुआ। इसमें आरएनआर की टीम ने जीत दर्ज की। दूसरा मुकाबला अकबरपुर पब्लिक स्कूल व वंशराज स्मारक इंटर कॉलेज के बीच हुआ। इसमें अकबरपुर पब्लिक स्कूल ने जीत दर्ज की।
एक अन्य मुकाबला आरएनआर इंटर कॉलेज व केशकुमार इंटर कॉलेज के बीच हुआ। इसमें आरएनआर इंटर कॉलेज की टीम ने धमाकेदार जीत दर्ज की। वंशराज गर्ल्स इंटर कॉलेज अकबरपुर व डीएवी इंटर कॉलेज टांडा के बीच रोमांचक मुकाबले में वंशराज गर्ल्स कॉलेज की टीम ने बाजी मारी। इस मौके पर नेहा, रेनू वर्मा, संजय, दिनेश कुमार, बबिता, राजेश, शमशेर, सुधीर वर्मा आदि मौजूद रहे।
आयोजन समिति से जुड़े अविनाश कुमार ने बताया कि बुधवार को अंतिम दिन छह टीमों के बीच मैच होगा। इसके साथ ही फाइनल मैच भी खेला जाएगा। बाद में विजयी प्रतिभागियों को समारोहपूर्वक पुरस्कृत भी किया जाएगा।