बसखारी (अंबेडकरनगर)। हंसवर की लखनपुर ग्राम पंचायत के बाकड़ापुर में वर्षों पुराने समाधि स्थल को अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। इसको लेकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। प्रधान की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर की है।
प्रधान सुरेंद्र कुमार ने बताया कि गांव में स्व. अवध नारायण मिश्र की समाधि बनी हुई है। यहां पर कभी-कभी लोग पूजा पाठ भी करते थे। पिछले दिनों प्रधान ने ग्रामीणों की आस्था को देखते हुए समाधि का सौंदर्यीकरण कराते हुए निर्माण पक्का करा दिया था। सोमवार रात कोहरे का फायदा उठाकर अराजकतत्वों ने समाधि स्थल को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह ग्रामीणों को जानकारी हुई तो वे आक्रोशित हाे उठे और समाधि स्थल पर पहुंचकर नाराजगी जताई। प्रभारी निरीक्षक हंसवर वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि समाधि सुरक्षित है, पत्थर तोड़े जाने की जानकारी मिली है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।