फोटो-13 अंबेडकरनगर जिला अस्पताल में एंटी रैबीज इंजेक्शन न होने से परेशान मरीज व तीमारदार।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। घर से बाहर निकलें तो कुत्तों से सावधान रहें। जिला अस्पताल समेत सभी सीएचसी पर एंटी रैबीज वैक्सीन नदारद है। एक माह से अधिक समय से वैक्सीन नहीं है, लेकिन इसकी उपलब्धता सुनिश्चित कराने को लेकर जिम्मेदारों को कोई सुध नहीं है। इन दिनों एंटी रैबीज वैक्सीन की कितनी सख्त जरूरत है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सिर्फ जिला अस्पताल में ही प्रतिदिन लगभग 100 मरीज इंजेक्शन लगवाने पहुंचते हैं, लेकिन उन्हें मायूसी हाथ लगती है। सरकारी अस्पतालों में वैक्सीन न होने का लाभ निजी मेडिकल स्टोर संचालक उठा रहे हैं।
यदि एंटी रैबीज वैक्सीन सरकारी अस्पताल में लगवाना चाहते हैं तो उम्मीद पूरी तरह छोड़ दें। कारण यह है कि न सिर्फ जिला अस्पताल बल्कि टांडा, बसखारी, जलालपुर, भियांव, कटेहरी, भीटी समेत सभी सीएचसी व संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरानपुर, अकबरपुर में भी एंटी रैबीज वैक्सीन नहीं है। इंजेक्शन लगने वाले कक्ष के बाहर नोटिस चस्पा कर दी गई है। ऐसे में वैक्सीन लगवाने के लिए संबंधित सरकारी अस्पतालों में पहुंच रहे मरीजों को मायूसी ही हाथ लग रही है। वैक्सीन की इस समय कितनी जरूरत है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सिर्फ जिला अस्पताल में ही प्रतिदिन लगभग 100 जबकि प्रत्येक सीएचसी में प्रतिदिन औसतन लगभग 40 मरीज पहुंचते हैं। लगातार मरीजों की बढ़ती संख्या के बावजूद जिम्मेदारों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। नतीजा यह है कि इसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
सरकारी अस्पतालों से एंटी रैबीज वैक्सीन नदारद होने का पूरा लाभ निजी मेडिकल स्टोर संचालक उठा रहे हैं। दरअसल, सरकारी अस्पतालों में निशुल्क एंटी रैबीज वैक्सीन लगती है जबकि मेडिकल स्टोरों पर लगभग साढ़े तीन सौ रुपये में यह वैक्सीन मिलती है। सरकारी अस्पतालों में इंजेक्शन न होने के चलते निजी मेडिकल स्टोरों द्वारा लगभग साढ़े चार सौ में बिक्री की जा रही है। मजबूर होकर मरीजों को अधिक दाम पर लेना भी पड़ रहा है। अकबरपुर नगर के एक मेडिकल स्टोर संचालक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि कुछ लाभ तो मिल ही जाता है।
सरकारी अस्पतालों में वैक्सीन न होने से मरीजों व उनके तीमारदारों में नाराजगी है। बुधवार को जिला अस्पताल में इंजेक्शन लगवाने के लिए पहुंचे बेवाना रामअधार व रगड़गंज के सुशील ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जिम्मेदारों को कोई चिंता ही नहीं है। एक माह का लंबा समय बीत चुका है, लेकिन इंजेक्शन उपलब्ध नहीं कराया जा सका है। अकबरपुर के इम्तियाज व टांडा के जगदीश ने अविलंब एंटी रैबीज इंजेक्शन उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि उन मेडिकल स्टोर संचालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाए जो अधिक दाम पर बिक्री कर रहे हैं।
जिला अस्पताल समेत सभी सीएचसी पर एंटी रैबीज वैक्सीन नहीं है। सिर्फ इमरजेंसी में एक वैक्सीन उपलब्ध है। बीते दिनों ही इस संबंध में पत्र लिखा गया था। शीघ्र ही वैक्सीन उपलब्ध हो जाएगी।
- डॉ. अशोक कुमार, सीएमओ