शहर के तक्षशिला रूट्स में प्रशिक्षण के दौरान अभ्यास करते अवध म्यूटिनियर्स स्पोर्ट्स क्लब के ख
अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर के अवध म्यूटिनियर्स स्पोर्ट्स क्लब ने भारतीय फुटबॉल में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए वर्ष 2026-27 के लिए उत्तर प्रदेश की एकमात्र एआईएफएफ (ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन) 4-स्टार एक्रेडिटेड फुटबॉल अकादमी बनने का गौरव प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के साथ क्लब देश की उन 16 चुनिंदा फुटबॉल अकादमियों में शामिल हो गया है, जिन्हें एआईएफएफ ने 4-स्टार या 5-स्टार एक्रेडिटेशन प्रदान किया है।
क्लब के संस्थापक व पूर्व सांसद रितेश पांडेय ने बताया कि इस वर्ष देशभर की 164 अकादमियों ने एआईएफएफ मान्यता के लिए आवेदन किया था। इनमें 142 अकादमियों को मान्यता मिली, जबकि केवल 16 अकादमियां ही प्रतिष्ठित 4-स्टार और 5-स्टार श्रेणी में स्थान बना सकीं। एआईएफएफ का यह एक्रेडिटेशन जमीनी स्तर पर फुटबॉल विकास, खिलाड़ियों के कल्याण, उच्चस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाओं, प्रभावी प्रशासनिक व्यवस्था और दीर्घकालिक खिलाड़ी विकास के मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाण माना जाता है।
उन्होंने बताया कि अकादमी की ओर उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। पिछले 12 वर्षों से पूर्वांचल के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को फुटबॉल प्रशिक्षण दे रहा है। अकादमी के दो खिलाड़ी अंकुर राजभर और अरमान अहमद भारतीय अंडर-17 फुटबॉल टीम तक पहुंच चुके हैं और दोनों अकबरपुर के निवासी हैं।