लखनऊ से बैंकॅाक के बीच उड़ान भरने वाली थाई एयर एशिया की सीधी उड़ान पांच जून से बंद कर दी जाएगी। ईंधन संकट के चलते यह सेवा बंद की जा रही है। जबकि पिछले महीने मलयेशिया की सीधी उड़ान बंद कर दी गई है।
ईरान व अमेरिका के बीच जारी संघर्ष के चलते ईंधन संकट बरकरार है। इसका असर विमान सेवाओं पर भी पड़ रहा है। लखनऊ से मलयेशिया के क्वालालंपुर के बीच संचालित होने वाली एयर एशिया की सीधी उड़ान बंद कर दी गई है।
वहीं, बैंकॅाक जाने वाली थाई एयर एशिया की डायरेक्ट फ्लाइट पांच जून से बंद कर दी जाएगी। थाई एयर एशिया की बैंकॅाक से लखनऊ आने वाली सीधी उड़ान संख्या एफडी-146 रात 8:25 बजे उड़ान भरकर रात 10:51 बजे पहुंचती है।
वापसी में लखनऊ से बैंकॅाक जाने वाली उड़ान संख्या एफडी-147 रात 11:05 बजे उड़ान भरकर सुबह 3:38 बजे पहुंचती है। ईंधन संकट के चलते विमान सेवा को पांच जून से बंद कर दिया जाएगा। सूत्र बताते हैं कि लखनऊ से बैंकॅाक की थाई एयर एशिया की सीधी उड़ान से सर्वाधिक हाइड्रोपोनिक वीड की तस्करी होती थी। दर्जनभर से अधिक मामले कस्टम की टीम ने पकड़े हैं। ऐसे में सीधी उड़ान बंद हो जाने से गांजे की तस्करी पर भी विराम लगने की संभावनाएं अफसर जता रहे हैं।