अंबेडकरनगर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा शुक्रवार को संपन्न हो गई। अंतिम दिन प्रथम पाली में सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। इसमें 2767 परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे। वहीं इंटरमीडिएट की प्रथम पाली में व्यावसायिक शिक्षा की परीक्षा में 17 व दूसरी पाली में संस्कृत विषय की परीक्षा में 528 परीक्षार्थी अनुपस्थित थे। हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा में कुल 3312 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
सामाजिक विज्ञान विषय में पंजीकृत 41,462 के सापेक्ष 38,695 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इसी पाली में इंटरमीडिएट के 684 परीक्षार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा की परीक्षा देनी थी लेकिन 667 उपस्थित हुए।
दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के संस्कृत विषय की परीक्षा में 5722 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी लेकिन 5194 शामिल हुए। शनिवार को इंटरमीडिएट की रसायन विज्ञान व समाजशास्त्र विषय की परीक्षा के साथ संपन्न हो जाएगी।
डीआईओएस अवध किशोर सिंह ने बताया कि शुक्रवार को उन्होंने सीआर इंटर कॉलेज पांती मंशापुर, कन्या इंटर कॉलेज भीटी, जनता इंटर कॉलेज बनगांव जदीद व मधुसूदन मिश्र इंटर कॉलेज बथुआ चंदौका सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया।