अंबेडकरनगर। जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा की कापियों के मूल्यांकन का कार्य शनिवार को भी तेजी से चला। सभी चार मूल्यांकन केंद्रों पर परीक्षकों ने करीब 39 हजार कापियों का मूल्यांकन किया। इसमें इंटरमीडिएट की करीब 18 व हाईस्कूल की 21 हजार कापियों का मूल्यांकन किया गया। डीआईओएस विनोद कुमार सिंह ने मूल्यांकन केन्द्रों का जायजा लेकर परीक्षकों को सावधानीपूर्वक कार्य करने का निर्देश दिया। कहा कि माध्यमिक शिक्षा विभाग परीक्षकों के हितों को लेकर गंभीर है। ड्यूटी में मुस्तैद सभी शिक्षकों के हितों का पूरा ख्याल रखा जा रहा है।
गौरतलब है कि जिले में इस बार हाईस्कूल व इंटरमीडियट की करीब 4 लाख कापियों का मूल्यांकन होना है। शनिवार को बीएन इंटर कॉलेज मूल्यांकन केन्द्र पर इंटरमीडिएट की 9 हजार 681 व सरदार पटेल स्मारक इंटर कॉलेज लारपुर में इंटरमीडिएट की 9 हजार 130 कापियों का मूल्यांकन हुआ। इसके अलावा डॉ जीके जेतली इंटर कॉलेज अकबरपुर में हाईस्कूल की 11 हजार 63 व रामअवध जनता इंटर कॉलेज बरियावन में हाईस्कूल की 8 हजार 958 कापियों का मूल्यांकन हुआ।
कुल चारों केन्द्रों पर इंटरमीडिएट व हाईस्कूल की 38 हजार 832 कापियों का मूल्यांकन हुआ। दोपहर करीब डीआईओएस विनोद कुमार सिंह ने मूल्यांकन केन्द्र बीएन इंटर कॉलेज व रामअवध बरियावन इंटर कॉलेज समेत अन्य केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षकों से सावधानीपूर्वक मूल्यांकन करने का निर्देश दिया। कहा कि माध्यमिक शिक्षा विभाग ड्यूटी पर मुस्तैद शिक्षकों के हितों का पूरा ख्याल रख रहा है। शिक्षकों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन जारी रखने की सलाह दी। साथ ही मास्क लगाने व समय समय पर हाथ धुलने की सलाह दी।