फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: कब्र से निकलवाया गया अंश का शव, नेत्रहीन माता-पिता की शिकायत पर प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई, जानें मामला

Thu, 12 Feb 2026 07:09 PM IST
आकाश द्विवेदी अमर उजाला नेटवर्क, अंबेडकरनगर

सार

अंबेडकरनगर में 9 वर्षीय छात्र अंश की संदिग्ध मौत के मामले में प्रशासन ने शव कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया। नेत्रहीन माता-पिता ने स्कूल पर लापरवाही का आरोप लगाया है। डीएम के आदेश पर जांच शुरू हुई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
विज्ञापन
अंश के परिजनों ने पुलिस से शिकायत की थी। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अंबेडकरनगर में मालीपुर के आशानंदपुर बरौली गांव में 9 वर्षीय छात्र अंश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद बृहस्पतिवार को शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिवार के लोगों की ओर से स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाए जाने के बाद डीएम अनुपम शुक्ला के आदेश पर नायब तहसीलदार अमरनाथ व पुलिस की मौजूदगी में प्रक्रिया पूरी की। अब डॉक्टरों की रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।

विज्ञापन


आशानंदपुर बरौली गांव के नेत्रहीन दंपती हीरालाल और शशिकला का इकलौता पुत्र अंश जय नारायण सरस्वती विद्या मंदिर मालीपुर में यूकेजी का छात्र था। बीते मंगलवार को वह स्कूल गया था। परिजनों का आरोप है कि सुबह करीब 10 बजे स्कूल में उसकी तबीयत खराब हो गई और उसे उल्टियां होने लगीं, लेकिन विद्यालय की ओर से न तो घर पर सूचना दी गई और न ही उपचार कराया गया। ऐसे में वह घंटों दर्द से तड़पता रहा। 

दोपहर तीन बजे छुट्टी के बाद अंश को स्कूल बस से घर भेज दिया। घर से करीब 500 मीटर पहले चालक ने उसे उतार दिया। घर पहुंचने के बाद परिजन उसे स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए। उपचार के बाद घर लेकर आ गए थे, लेकिन शाम को उसकी मौत हो गई थी। 
विज्ञापन


परिजनों ने शव को मंजूषा नदी के तट पर दफन कर दिया था। बुधवार को मां शशिकला ने विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए एसडीएम जलालपुर को प्रार्थना पत्र दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बृहस्पतिवार सुबह प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की टीम घाट पर पहुंची, जहां परिजनों व ग्रामीणों की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराते हुए पंचनामा किया गया।





 

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

अंश तीन बहनों का इकलौता भाई था। पिता हीरालाल ट्रेन में चना बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है। माता-पिता व बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने गांव पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी और प्रशासन से जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

आरोप निराधार

प्रबंधक राजेश अग्रहरि ने बताया कि छात्र सामान्य स्थिति में बस में बैठा था। बस कुछ दूर जाने के बाद बच्चे ने पेट में दर्द की शिकायत की तो परिजनों को चालक ने सूचना दी। स्कूल प्रशासन की ओर से कोई लापरवाही नहीं की गई है। स्कूल की सीसीटीवी फुटेज मौजूद है। राजनीति के चलते अनावश्यक स्कूल को बदनाम किया जा रहा है।
विज्ञापन

स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही

जलालपुर सीओ अनूप कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।  उसी आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। साथ ही साथी बच्चों व शिक्षकों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें