जलालपुर। परुइया आश्रम स्थित बाबा बरुआ दास पीजी कॉलेज में सोमवार को डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या की अंतरमहाविद्यालयीय पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता शुरू हुई। इसमें विश्वविद्यालय से संबद्ध 18 महाविद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। पहले दिन 12 मुकाबले खेले गए। कड़े संघर्ष के बीच विश्वविद्यालय परिसर और देव इंद्रावती पीजी कॉलेज की टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले मंगलवार को खेले जाएंगे।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिजेंद्र सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर और महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण करके किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उद्घाटन मैच का टॉस कराया। पहला मुकाबला कमला नेहरू भौतिक व सामाजिक विज्ञान संस्थान, सुल्तानपुर और श्री विश्वनाथ महाविद्यालय, कलान के बीच खेला गया। इसमें कमला नेहरू संस्थान की टीम ने जीत दर्ज की।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कुलपति ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, संयम और प्रतिबद्धता की सीख देते हैं। खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रदर्शन करना चाहिए और निर्णायक मंडल के फैसलों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में सभी संबद्ध महाविद्यालयों के बीच जल्द ही सात दिवसीय अंतरमहाविद्यालयीय खेल प्रतियोगिता आयोजित करने की योजना है। इस दौरान उन्होंने डॉ. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की और स्वतंत्रता आंदोलन व राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. परेश कुमार पांडेय ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम संयोजक एवं क्रीड़ा सचिव डॉ. कुलदीप सिंह ने खिलाड़ियों से अनुशासन बनाए रखने की अपील की। संचालन डॉ. सत्यप्रकाश पांडेय ने किया, जबकि उपप्राचार्य प्रो. पवन कुमार गुप्त ने आभार जताया।
इस मौके पर महाविद्यालय प्रबंधतंत्र के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक महंत देवेंद्र दास, उप प्रबंधक पूर्णमासी यादव, विश्वविद्यालय के क्रीड़ा सचिव प्रो. आशीष प्रताप सिंह, क्रीड़ा पर्यवेक्षक प्रो. पूनम जोशी, पूर्व प्राचार्य डॉ. शिवमूर्ति वर्मा, डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, रामप्रकाश यादव, डीडीसी आलोक यादव, अशोक उपाध्याय, शिवपूजन वर्मा और शिवराम मिश्र समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
पहले दिन इन टीमों ने दर्ज की जीत
पहले दिन कमला नेहरू संस्थान ने श्री विश्वनाथ पीजी कॉलेज, बीएनकेबी पीजी कॉलेज ने साकेत पीजी कॉलेज और मेजबान बाबा बरुआ दास पीजी कॉलेज ने संत तुलसीदास पीजी कॉलेज को हराया। देव इंद्रावती पीजी कॉलेज ने बैजनाथ शिवकला पीजी कॉलेज को पराजित किया। इसके बाद विश्वविद्यालय परिसर की टीम ने मेजबान कॉलेज को शिकस्त दी। देव इंद्रावती पीजी कॉलेज ने पं. रामचरित्र पीजी कॉलेज को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं, विश्वविद्यालय परिसर की टीम ने कमला नेहरू संस्थान, सुल्तानपुर को हराकर अगले दौर में जगह बनाई।