अंबेडकरनगर जिला अस्पताल में स्थित शवगृह के पास शुक्रवार को जुटे बिजली गिरने से मृत युवक व किशोर के परिवारीजन।
- फोटो : अमर उजाला
बूंदाबांदी के दौरान शुक्रवार को बिजली गिरने से किशोर व युवक बुरी तरह झुलस गए। घटना उस समय हुई जब दोनों भैंस चराने निकले थे। हादसे के बाद आननफानन में ग्रामीणों की मदद से परिवारीजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन दोनों का आपस में चाचा-भतीजा का रिश्ता था।
अस्पताल से दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए। घटना से परिवारीजनों में रोना-पिटना मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार मालीपुर थाना क्षेत्र की बरौली आशानंदपुर ग्राम पंचायत के मजरे नोखा निवासी मुकेश (18) पुत्र रामबहाल व अमन (12) पुत्र रामस्वारथ शुक्रवार सुबह बारिश के बीच भैंस चराने निकले थे।
गांव से कुछ दूरी पर दोनों भैंस चराते हुए बात कर रहे थे। इसी बीच तेज गरज-चमक शुरू हो गई। परिवारीजनों या फिर उन दोनों को भी यह अंदाजा नहीं था कि आने वाले कुछ पल में एक बड़ा हादसा होने जा रहा है। गरज-चमक शुरू होने के कुछ देर बाद ही उन पर बिजली गिर पड़ी। इससे दोनों बुरी तरह झुलस गए।
कुछ दूरी पर मौजूद अन्य युवक व किशोर यह घटना देख सन्न रह गए। वे सब भी अपने जानवरों के साथ निकले हुए थे। उनमें से कई बच्चों ने दौड़कर घटना की सूचना परिवारीजनों को दी। परिवारीजनों के अलावा मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। इसके बाद तत्काल निजी वाहन की व्यवस्था कर दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया।
जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि दोनों का आपस में चाचा-भतीजा का संबंध था। घटना से परिवारीजनों में रोना-पिटना मचा हुआ है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने गांव पहुंचकर परिवारीजनों को ढांढस बधाया।
घटना के काफी देर बाद तक मालीपुर पुलिस को इसकी जानकारी ही नहीं थी। बाद में सूचना मिलने पर मालीपुर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।