टांडा में दो युवकों की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर जुटे परिवारीजन व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र अलीगंज अंतर्गत टांडा-फैजाबाद मार्ग पर सम्हरिया गांव के निकट बाइक सवार दो युवकों को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। इससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया और चालक की जमकर पिटाई कर दी। इस बीच सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ट्रक व चालक को अभिरक्षा में लेकर थाने ले आई।
परिवारीजनों की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। उधर घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है। सम्हरिया गांव निवासी हरिश्चंद्र (27) पुत्र रामफेर व लालचंद्र (28) पुत्र हरीराम गुरुवार रात एक ही बाइक से फैजाबाद की तरफ जा रहे थे। गांव के निकट एक पेट्रोलपंप के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इससे दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े।
आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। दोनों युवक घटनास्थल पर ही दम तोड़ चुके थे। इस बीच लोगों को आता देख चालक वाहन लेकर भागने लगा लेकिन स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया और चालक की जमकर पिटाई कर दी।
इस बीच सूचना मिलने पर एसओ अलीगंज मनबोध तिवारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चालक को लोगों के चंगुल से छुड़ाकर अभिरक्षा में ले लिया और ट्रक व चालक को थाने ले आए। बाद में पुलिस ने दोनों शवों को अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसओ मनबोध तिवारी ने बताया कि मृतक हरिश्चंद्र के पिता रामफेर की तहरीर पर ट्रक चालक के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। उधर, घटना से एक तरफ जहां परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। एक गांव के दो युवकों की मौत से लोगों में गम का माहौल है। बताया जाता है कि युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था।