अंबेडकरनगर। लोकसभा चुनाव की तैयारियों में तेजी लाते हुए जिला प्रशासन ने प्रिंट व इलेक्ट्राॅनिक मीडिया तथा सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए विशेष सेल का गठन कर दिया है। संबंधित अधिकारियों की टीम को लगातार कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।
लोकसभा चुनाव को लेकर अभी घोषणा भले ही नहीं हुई है लेकिन जिले में तैयारियों ने गति पकड़ रखी है। जिला मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह ने प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में सभी प्रकार की मीडिया पर निगरानी रखने के लिए अलग-अलग कमेटियों का गठन कराया है। एडीएम व उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सदानंद गुप्त ने बताया कि जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी को मीडिया सेल का नोडल अफसर बनाया गया है।
इस कमेटी में जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार द्विवेदी, ई-जिला प्रबंधक एजाज रसूल, जिला सूचना कार्यालय के लेखाकार संतोष कुमार को बतौर सदस्य निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा जलालपुर तहसील की एसडीएम न्यायिक रोशनी यादव को सोशल मीडिया सेल का नोडल अफसर बनाया गया है। इसके साथ ही जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अमरेंद्र प्रसाद व ई जिला प्रबंधक एजाज रसूल को भी इस सेल की जिम्मेदारी दी गई है।