जलालपुर कोतवाली में बोरियों में रखा तस्करी का गांजा व बरामद वाहन। पुलिस मीडिया सेल
अंबेडकरनगर। जलालपुर पुलिस ने 10 लाख कीमत के 42 किलो गांजे के साथ दो अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इसके पास से दो मोबाइल व नकदी भी पुलिस ने बरामद की है।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी डॉ. तेजवीर सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस टीम ने शुक्रवार की रात जलालपुर के कुटिया क्षेत्र के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी पुलिस को सूचना मिली कि गांजा तस्कर गांजे की बड़ी खेप लेकर जा रहे हैं। वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध अर्टिगा कार को रोका। तलाशी लेने पर कार से 39 पैकेटों में रखा 42.325 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों ने अपनी पहचान गोरखपुर के थाना हरपुर के बुढहट निवासी रमेश यादव (46) और आजमगढ़ के थाना अतरौलिया के हैदरपुर निवासी अय्यूब (55) के रूप में बताई है। आरोपियों ने बताया कि गांजे की खेप उड़ीसा से लेकर आ रहे थे, जिसे वह अंबेडकरनगर सहित आसपास के जिलों में सप्लाई करते हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक कार, तीन मोबाइल फोन और 2200 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है। अय्यूब के खिलाफ आजमगढ़ के अतरौलिया थाने में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज है।
बसखारी में भी पकड़ा गया तस्कर
बसखारी। बसखारी इलाके में एसआई कमलेश यादव ने अपने टीम के साथ बुकियां नहर के पास घेराबंदी कर एक युवक को दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जहीरूद्दीन उर्फ हलीमू निवासी धनेवा धनेही महाराजगंज बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1 किलो 636 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस आरोपी को थाने ले आई जहां पूछताछ में उसने दरगाह क्षेत्र में अवैध रूप से गांजा बेचने की बात स्वीकार की। थानाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी कर विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है।