भदैंया (सुल्तानपुर)। अयोध्या-प्रयागराज हाईवे के बाईपास पर ओदरा गांव के पास बुधवार देर रात दुर्गा पूजा विसर्जन शोभायात्रा देखकर लौट रहीं दो सगी बहनों को एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने कुचल दिया, जिससे दोनों बहनों की मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में आठ अन्य श्रद्धालु भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से तीन को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, हादसा बुधवार रात करीब दो बजे हुआ, जब ओदरा गांव निवासी सीमा (17) व रीमा (10), ग्रामीणों के साथ गोमती तट पर दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन के बाद ई रिक्शा से घर लौट रही थीं। गांव के बाहर हाईवे पर ई रिक्शा से उतर कर लोग अपने घरों की ओर जाने लगे, उसी दौरान हाईवे पार करते समय तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने लोगों को रौंद दिया। हादसे में सीमा और रीमा की मौके पर ही दर्दनाक माैत हो गई। वहीं ओदरा गांव निवासी मंजीत (35), रेखा (20), कुलदीप (18), रिंकू (14), संजनी (10), अंतिमा (10), अंजली (12) व मठिया गांव की सावित्री (35) गंभीर रूप से घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल रेखा, कुलदीप व रिंकू को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। कोतवाली देहात प्रभारी निरीक्षक अखंड देव मिश्र ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और घायलों का इलाज चल रहा है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
दो बेटियों की मौत से टूटा परिवार, मां बेहोश
ओदरा निवासी स्व. राम करन निषाद की पत्नी आशा देवी के सात बच्चों में पांच बेटे और दो बेटियां थीं। बेटियों सीमा और रीमा की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। मां आशा देवी बार-बार बेहोश हो रही हैं। परिजन कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं।
ट्रक की चपेट में आकर मजदूर की मौत
अमहट। लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर अमहट चौराहे पर बृहस्पतिवार सुबह कोतवाली नगर के कबरी गांव निवासी अशोक कुमार साहू (58) की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। वे विसर्जन शोभायात्रा देखने गए थे और रातभर घर नहीं लौटे। मृतक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई है। मृतक के परिवार में तीन पुत्रियां व एक पुत्र हैं। दो पुत्रियों का विवाह हो चुका है। प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
जीप की टक्कर से महिला की मौत, चालक फरार
भदैंया। योगीवीर गांव के पास बृहस्पतिवार सुबह तेज़ रफ्तार जीप ने हीरावती विश्वकर्मा (52) को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वह शहर के एक निजी अस्पताल में सफाईकर्मी थीं। हादसे के बाद जीप चालक फरार हो गया। मृतका के पति की तीन साल पहले मौत हो चुकी है। वह निसंतान थीं। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक अखंड देव मिश्र ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा। (संवाद)