अंबेडकरनगर। जिले में शनिवार को कोरोना संक्रमण के दो नए मामले सामने आए। उधर, शनिवार को हाड़कंपाऊ ठंड के बीच जिला अस्पताल पहुंचे 62 नागरिकों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया।
जिले में शनिवार को दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमण के दो नए मामलों के सामने आने से जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1855 हो गई है। बताया कि 56 मरीजों का अलग-अलग अस्पताल में इलाज चल रहा है। 1761 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। उधर, हाड़कंपाऊ ठंड के बीच जिला अस्पताल में पहुंचने वाले नागरिकों की कोरोना जांच हुई।
सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि लोग कोरोना जांच के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। डॉ. प्रदीप गुप्ता व डॉ. योगेश वर्मा के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मियों ने नागरिकों का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया गया। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि लगातार गिरते तापमान के बीच अत्यंत एहतियात की जरूरत है। प्रतिदिन गुनगुना पानी पीएं। कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए शासन द्वारा जो गाइडलाइन जारी की गई है, उसका शत-प्रतिशत पालन करें।