अंबेडकरनगर। जिले में देर शाम तेज हवा के साथ हुई बारिश ने जिले में फिर से कहर बरपाया। धराशायी हुए पेड़ की चपेट में आने से वृद्ध, जबकि छप्परनुमा घर के ढहने से मलबे के नीचे दबकर वृद्धा की मौत हो गई। एक अन्य हादसे में बाइक से घर जा रहे युवक पर बिजली का खंभा गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल में उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इसके अलावा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पांच दर्जन से अधिक स्थानों पर टिन शेड व छप्पर उड़ गए। जर्जर बिजली के खंभों के क्षतिग्रस्त होने व तार के टूटने से संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
एक दिन पहले शनिवार देर शाम तेज हवा के साथ हुई झमाझम बारिश ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर जानमाल को नुकसान पहुंचाया। जानकारी के अनुसार बेवाना थाना अंतर्गत हरदूपुर निवासी रामसुंदर (64) पुत्र नोखई शनिवार देर शाम खेत में धान की रोपाई कर घर लौट रहा था। बताया जाता है कि जब वह घर के निकट पहुंचा, तो इसी बीच तेज हवा के साथ हुई बारिश के बीच पेड़ उसके ऊपर गिर पड़ा। इससे उसे गंभीर चोर्टें आई और वह बेहोश हो गया। ग्रामीण उसे जिला अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत कोटवा निवासी कुमारी देवी (65) केसईराम शनिवार देर शाम छप्परनुमा घर में लेटी हुई थी। तभी तेज हवा व बारिश के बीच अचानक छप्पर ढह गई और वह उसके नीचे दब गई। गुहार पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। जब तक घरवाले ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकालते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं, हंसवर थाना अंतर्गत हरदासपुर गांव निवासी ललित (25) पुत्र श्यामलाल बाइक से बेवाना से घर जा रहा था। गांव के निकट पहुंचने पर आंधी-पानी के बीच क्षतिग्रस्त बिजली का खंभा उसके ऊपर गिर पड़ा जिसमें वह जख्मी हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
कहीं उड़े टिन शेड, तो कहीं छप्पर
शनिवार देर शाम तेज हवा के साथ हुई बारिश के बीच कहीं टिन शेड उड़ गए, तो कहीं छप्पर धराशायी हो गए। अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत मीरानपुर में नसीम के चाय की दुकान का टिन शेड तेज हवा के बीच उड़ गया। यह संयोग ही था, उस समय उसके आसपास कोई नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। इसी कोतवाली अंतर्गत सिझौली निवासी राजाराम के घर के सामने स्थित छप्पर तेज हवा के बीच उड़ गई। इसी प्रकार भीटी, जलालपुर, आलापुर व टांडा तहसील क्षेत्रों में भी जगह जगह टिन शेड व छप्पर उड़ गए। यह संयोग ही था कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
ध्वस्त हुई बिजली की आपूर्ति
बीते दिनों लगातार हो रही बारिश के बाद शनिवार देर शाम तेज हवा के साथ हुई बारिश ने जिले की विद्युत आपूर्ति ध्वस्त कर दी। अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र के टाउन फीडर से जुड़े गौहन्ना, कटरिया, बरधाभिउरा, सोनगांव अंधियरवा, बदलपुर, नौगवां, अटनी समेत डेढ़ गांव की विद्युत आपूर्ति खंभा व तार गिरने से ठप हो गई। इससे लगभग 20 हजार की आबादी को अंधेरे में रात गुजारने को मजबूर होना पड़ा।
टांडा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े चांदपुर, उकरा, चंदैनी, भगवानपुर, फूलपुर, लोदीपुर, जमुनीपुर समेत दो दर्जन गावों की आपूर्ति विद्युत खंभा गिरने से ठप हो गई। रविवार देर शाम तक गड़बड़ी दूर कर आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी थी। इससे लगभग 30 हजार की आबादी को परेशानी हुई है। जिले के मालीपुर, जलालपुर, रामनगर, जहांगीरगंज, टांडा, भीटी, बसखारी, हंसवर, राजेसुल्तापुर आदि क्षेत्रों में भी विद्युत आपूर्ति पर प्रतिकूल असर देखने को मिला।