अंबेडकरनगर। जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। महरूआ में सड़क किनारे खड़ी बोलेरो का गेट अचानक खुलने से बाइक सवार राज (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए ले जाते समय उनकी मौत हो गई। जलालपुर में सड़क पार कर रहे वनरोज से बाइक टकराने से जैनापुर निवासी रामलखन (65) की जान चली गई।
भीटी संवाद के अनुसार महरूआ के हम्जापुर निवासी सुभाष ने बताया कि उनका भतीजा राज सोमवार शाम करीब पांच बजे बाइक से महरूआ बाजार जा रहा था। मंशापुर के पास सड़क किनारे खड़ी बोलेरो का गेट अचानक खुल गया, जिसकी चपेट में आने से राज सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हेलमेट नहीं पहने होने के कारण उसके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मंगलवार को पुलिस को घटना की सूचना दी गई। हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। सीओ लक्ष्मीकांत मिश्रा ने बताया कि वाहन की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
वनरोज से टकराई बाइक, बुजुर्ग की मौत
जलालपुर संवाद के अनुसार जैनापुर निवासी रामलखन मंगलवार दोपहर साइकिल ठीक कराने जलालपुर बाजार गए थे। साइकिल ठीक कराने के बाद वह अपने दोस्त अकरम के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। राड़ी पोखरा के पास सड़क पार कर रहे वनरोज से बाइक टकरा गई। हादसे में रामलखन गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
रामलखन की मौत की खबर से पत्नी ललिता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके तीन बेटे शैलेंद्र कुमार, प्रदीप कुमार और प्रवीण कुमार भी पिता की मौत से बदहवास हैं। सीओ अनूप सिंह ने बताया कि वनरोज की चपेट में आने से हादसा हुआ है।